रायगढ़। जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। अपनी शादी के ठीक एक दिन बाद एक युवक की ट्रैक्टर पलटने से जान चली गई। वह टेंट का सामान छोडऩे जा रहा था। इस घटना में तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं। यह मामला कापू थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान पैंतीस वर्षीय देवांगन सिदार के रूप में हुई है। वह गौरेला पेंड्रा में बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। देवांगन की शादी 5 अप्रैल को हुई थी। शादी के लिए बगल के गांव से टेंट लाया गया था।
कल शाम करीब 5.30 बजे देवांगन टेंट का सामान लेकर जा रहा था। वह अपने चाचा संजय सिदार के ट्रैक्टर में था। उसके साथ तीन दोस्त सीमोन एक्का, सुशील एक्का और द्वारिका सिदार भी थे। सतीपारा सरपंच घर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से चालक देवांगन सिदार उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पत्थलगांव शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे रायपुर के लिए रेफर किया गया था। रायपुर ले जाते समय रात करीब 11 बजे नंदन झरिया के पास देवांगन की मौत हो गई। इस हादसे में उसके तीन दोस्तों को हल्की चोटें आई हैं।
गांव में मातम
शादी के एक दिन बाद हुए इस दर्दनाक हादसे से देवांगन के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। जिस घर में एक दिन पहले खुशियां थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा पसरा है। यह घटना परिवार के लिए गहरा सदमा लेकर आई है।
शादी के पांच दिन बाद उठी अर्थीं, ट्रैक्टर पलटने से नवविवाहित दुल्हे की मौत
अपनी ही शादी का टेंट सामान छोडऩें जा रहा था मृतक, हादसे में तीन अन्य घायल



