घरघोड़ा। शासन-प्रशासन के स्वच्छता अभियान के तहत ग्राम पंचायत झिमकी में आज एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। सरपंच तोपेश्वर पैंकरा एवं उपसरपंच रुद्रो राम यादव के नेतृत्व में गाँव के तालाब की सामूहिक श्रमदान के माध्यम से व्यापक साफ-सफाई की गई। इस अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर तालाब से गंदगी, कचरा एवं झाड़-झंखाड़ हटाकर स्वच्छता और संरक्षण का संदेश दिया। पूरे वातावरण में सहयोग, उत्साह और सामाजिक एकता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर सरपंच तोपेश्वर पैंकरा ने कहा कि तालाब गाँव की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं उपसरपंच रुद्रो राम यादव ने ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक श्रमदान से न केवल स्वच्छता बढ़ती है, बल्कि सामाजिक एकता भी सुदृढ़ होती है। अभियान के दौरान ग्रामवासियों को जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर लाल सायं पैंकरा, जय सिंह यादव, सुरेश कुमार पैंकरा, नर्सिंग कोरवा (पंच), उत्तम पैंकरा, संदीप यादव, संजय यादव, संतोष यादव, समत सायं पैंकरा, श्रीमती चंद्रकला पैंकरा (पंच), श्रीमती सुखमनी पैंकरा, श्रीमती चम्पा बाई, श्रीमती माटो बाई, श्रीमती बालमति पैंकरा, श्रीमती उमा पैंकरा सहित लगभग 50 से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे।
सामूहिक श्रमदान से चमका झिमकी तालाब, स्वच्छता व जल संरक्षण का दिया संदेश



