रायगढ़। जिले के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने डिजिटल अपराधों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘खौफ – द डिजिटल वॉर’ शॉर्ट फिल्म बनाया है। इस फिल्म का भव्य शुभारंभ जशपुर के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल में हुआ, जहां मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय और पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम मौजूद रहे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह लंबे समय से सामाजिक मुद्दों पर शॉर्ट फिल्मों के जरिए जागरूकता फैलाते रहे हैं। इससे पहले भी वे ‘कजरी’ जैसी फिल्म बना चुके हैं। इस बार उन्होंने साइबर फ्रॉड जैसे गंभीर विषय पर फिल्म की कहानी खुद लिखी, निर्देशन किया और एक पीडि़त शिक्षक की भूमिका भी निभाई। फिल्म में उनके बेटे ऋ भु समर्थ सिंह सहित कई स्थानीय कलाकार नजर आए। फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है। इसका उद्देश्य आम लोगों को डिजिटल ठगी से बचने के लिए सतर्क करना है। कार्यक्रम में मौजूद कलाकारों और टीम सदस्यों ने फिल्म निर्माण के अनुभव साझा किए, वहीं दर्शकों ने इसे समाज के लिए बेहद उपयोगी पहल बताया।
मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय ने कहा कि, एसएसपी शशि मोहन सिंह फिल्मों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। साइबर फ्रॉड पर आधारित यह फिल्म लोगों को जागरूक करने में प्रभावी साबित होगी। उन्होंने पूरी पुलिस टीम और फिल्म से जुड़े कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। डीजीपी अरुण देव गौतम ने फिल्म के संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया, ताकि साइबर अपराधों के प्रति व्यापक जागरूकता फैल सके। उन्होंने एसएसपी शशि मोहन सिंह के प्रयासों की सराहना की। जशपुर में हो रहे नाट्य मंचन की प्रशंसा करते हुए स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ाने की बात कही। राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव से जुड़े डॉ. आनंद पाण्डेय ने बताया कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और वे लघु फिल्मों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखा पाते हैं। जशरंग महोत्सव का यह कारवां आगे भी जारी रहेगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि फिल्म को लेकर लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने अपील की कि लोग इस फिल्म को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें, ताकि साइबर फ्रॉड के खिलाफ जागरूकता का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंच सके।
साइबर फ्रॉड पर वार : ‘खौफ-द डिजिटल वॉर’ से जागरूकता की पहल
एसएसपी शशि मोहन ने लिखी फिल्म की कहानी, पीडि़त शिक्षक की भी निभाई भूमिका



