रायगढ़। जिले के घरघोड़ा ब्लॉक के जंगल में नदी किनारे अवैध शराब भट्टी पकड़ी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 8 भट्टी और 600 किलो महुआ लहन नष्ट किया और 190 लीटर कच्ची शराब जब्त की। पुलिस ने ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत यह कार्रवाई की।
मिली जानकारी के मुताबिक, घरघोड़ा थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घरघोड़ी के खेतधरहा नदी किनारे अवैध महुआ शराब बनाई जा रही है। थाना प्रभारी ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। यहां 37 वर्षीय छोटू डनसेना को महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने शराब बनाना और अवैध बिक्री के लिए तैयार करना स्वीकार किया। मौके पर भट्टी में बड़े बर्तन रखे हुए थे। पुलिस ने भट्टियों को तोडक़र 8 शराब भट्टियां नष्ट कीं और 190 लीटर महुआ शराब जब्त की। इसके अलावा लगभग 600 किलो महुआ लहन भी नष्ट किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
घटना के बाद पुलिस की टीम ग्राम घरघोड़ी पहुंची और ग्रामीणों को समझाया कि कोई भी अवैध शराब न बनाए। पुलिस ने साफ चेतावनी दी कि अवैध शराब बनाने पर तुरंत कार्रवाई होगी। साथ ही पुलिस ऐसे अन्य आरोपी लोगों की तलाश भी कर रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि अवैध शराब बनाने और बेचने में पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले में शराब के अवैध कारोबार पर निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में ऑपरेशन आघात शुरू किया गया है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में ग्राम घरघोड़ा में शराब भट्टी और महुआ लहन को नष्ट किया गया।
नदी किनारे चल रही थी अवैध शराब की भट्टी
8 भट्टी और 600 किलो महुआ लहन किया नष्ट



