रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ के महापौर कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान चयनित हितग्राहियों को उनके आवास निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान की गई।
महापौर श्री चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में पूर्व में 130 तथा वर्तमान में 210 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार कुल 340 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए अपने पक्के घर का सपना साकार करने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में मो. फारुख अंसारी, रेशमा बानो, शरबरी बानो, माया यादव, शत्रुघ्न देवांगन, जोधराम माली, कुंजबिहारी यादव, बसंतलाल उरांव एवं राजकुमारी उरांव को महापौर श्री चौहान, एम आई सी सदस्य श्री सुरेश गोयल, श्री मुक्तिनाथ बबुआ पार्षद कुंदन चौहान के हाथों प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, निर्धारित समय सीमा में आवास निर्माण पूर्ण करने पर मुख्यमंत्री गृहप्रवेश सम्मान योजना के तहत रुपए 32,850 की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
महापौर जीवर्धन चौहान ने हितग्राहियों से अपील की कि वे शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि उन्हें योजना का पूर्ण लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा निर्माण कार्य की सतत मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
इस अवसर पर हितग्राहियों ने माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्थानीय विधायक एवं वित्तमंत्री ओमप्रकाश चौधरी तथा महापौर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से उनका पक्का मकान बनाने का सपना साकार हो रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के अधिकारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे।
पीएम आवास हितग्राहियों को महापौर ने किए भवन अनुज्ञा वितरित



