रायगढ़। गुरुवार को शहर सहित अंचल में राम भक्त हनुमान के जन्मोत्सव को लेकर धूम रही। इस अवसर पर हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़ी थी। साथ ही गली मोहल्ले व शहर के अंदर के मंदिर समिति द्वारा विविध आयोजन किया गया। जिसमें कही भजन कीर्तन तो कहीं निशान यात्रा के साथ महाभंडार का आयोजन किया था, जिसमें राम भक्तों ने बढ़-चढकऱ हिस्सा लिया है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को शहर सहित अंचल में रामभक्त हनुमान के जन्मोत्सव को लेकर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान शहर के सुभाष चौक स्थित सबसे प्राचीन हनुमान मंदिर में वीर बजरंग बली का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया गया। इसके साथ ही शहर के सभी हनुमान मंदिरों में भक्तों द्वारा महाभंडारा का आयोजन किया गया था, जिसमें रामभक्तों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। वहीं सुबह से ही बजरंग बली की पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। वहीं बुजीभवन चौक स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, महिला समृद्धि बाजार स्थित हनुमान मंदिर, रामगुड़ीपारा स्थित हनुमान मंदिर, पैलेस रोड स्थित हनुमान मंदिर, घड़ी चौक स्थित हनुमान मंदिर, सत्तीगुढ़ी चौक स्थित हनुमान मंदिर, बेलादुला चौक स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर सहित अंचल के सभी मंदिरों का पट सुबह से ही खुल गया था, जिसमें भक्तों द्वारा पूरे दिन पूजा-पाठ किया गया। साथ ही जगह-जगह भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ था।
श्री श्याम मदिर में हनुमान जन्मोत्सव की रही धूम

शहर की सुप्रसिद्ध धार्मिक संस्था श्री श्याम मंडल रायगढ़ की अभिनव पहल से समयानुसार संजय कॉम्प्लेक्स स्थित राज्य प्रसिद्ध श्री श्याम मंदिर में हर धार्मिक आयोजन को बड़ी श्रद्धा से भव्यता दी जाती है। जिसमें श्याम मंडल रायगढ़ समिति के सभी सदस्यों का बहुमूल्य योगदान रहता है। वहीं आज 2 अप्रैल को कलयुग के साक्षात देवता अजर – अमर भगवान शिव जी के ग्यारहवें रुद्रावतार हनुमान जी के जन्मोत्सव को अध्यक्ष समाजसेवी बजरंग अग्रवाल लेंध्रा के विशेष मार्गदर्शन में भव्यता के साथ मनाया गया। आज 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव की खुशी में मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम के अन्तर्गत सुबह मंदिर परिसर में पूजा अर्चना विधिवत ढंग से मंदिर के पुजारी पं शंकर महाराज और पं अमित शर्मा के विशेष मार्गदर्शन में हुई। इसके पश्चात शाम को पाँच बजे श्री श्याम मंदिर परिसर में ही सभी श्री श्याम प्रेमियों की उपस्थिति में संगीतमयी सुंदरकांड पाठ का आयोजन सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय अग्रवाल टीम के सानिध्य में किया गया। वहीं सुंदरकांड पाठ के बाद सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया व परिसर जय श्री राम, जय श्री श्याम, जय श्री हनुमान के पवित्र मंत्र से गुंजायमान हो गया। संगीतमयी सुंदरकांड पाठ के आयोजन को भव्यता देने में अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेंध्रा, सचिव आनंद गर्ग, मुकेश गोयल प्रवक्ता, गजेंद्र गर्ग, जयप्रकाश गोयल, सुनील लेंध्रा,सचिन बंसल, सुनील एसएस,राजू केडिया दीपक मित्तल, संजय पत्थलगाँव, महेश सिंघानिया, शिव थवाईत, पवन शर्मा आरटीओ, राजू चाचा, मनोज टिल्लू, कैलाश गर्ग, दीपक ज्योति, कैलाश सांवडिया, अनिल गर्ग, मीडिया प्रभारी ऐश अग्रवाल आर्यन अग्रवाल, पवन शर्मा, हेमंत शर्मा,अमित अग्रवाल, पंकज अग्रवाल सहित श्री श्याम मंडल रायगढ़ के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
जगह-जगह हुआ महाभंडरा- हनुमान जंयती के अवसर पर गली-मोहल्ले से लेकर शहर के अंदर के मंदिरों में कहीं मिष्ठान वितरण तो कहीं महाभंडारा का आयोजन किया गया था। साथ ही कहीं चना तो कहीं हलुआ-पुडी का भोग लगा था। इसके बाद दोपहर में सत्तीगुढ़ी चौक स्थित हनुमान मंदिर और महिला समृति बाजार के पास महाभंडारा का आयोजन किया गया, जहां मंदिर समिति द्वारा भक्तों को बैठाकर महाभंडारे का प्रसाद खिलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।



