रायपुर। निगम की राजस्व विभाग की टीम ने दो बड़े स्कूलों पर कार्रवाई की है। प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने पर बैरनबाजार और शैलेन्द्र नगर के होली क्रॉस स्कूलों को सील कर दिया। बैरनबाजार के स्कूल पर करीब 34 लाख रुपए और शैलेन्द्र नगर स्थित स्कूल पर करीब 24 लाख रुपए का बकाया था। निगम ने कई बार नोटिस जारी किया, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने भुगतान नहीं किया। इसके बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और दोनों परिसरों के मुख्य गेट पर ताला लगाकर सीलबंदी की कार्रवाई की।
यह कार्रवाई नगर निगम जोन-4 के तहत की गई, जहां जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने अभियान चलाया। अधिकारियों का कहना है कि, निगम लगातार बकायादारों के खिलाफ अभियान चला रहा है और नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, होलीक्रॉस स्कूल कांपा ने कार्रवाई से पहले ही अपना पूरा बकाया निगम को जमा कर दिया था। निगम ने साफ किया है कि बकाया कर नहीं चुकाने वाले अन्य संस्थानों और कारोबारियों पर भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। रायपुर में प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाने वाले बकायेदारों पर नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले दिनों जोन-10 क्षेत्र में अभियान चलाकर 14 बकायेदारों पर कार्रवाई की गई, जिसमें 9 से ज्यादा व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया गया। निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश और राजस्व अधिकारियों के मार्गदर्शन में जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने रानी दुर्गावती (वार्ड 49), डॉ. राजेंद्र प्रसाद (वार्ड 52), बाबू जगजीवन राम (वार्ड 53), रवींद्रनाथ टैगोर (वार्ड 55) और लेफ्टिनेंट अरविंद दीक्षित वार्ड (56) में सालों से बकाया नहीं चुकाने वालों पर कार्रवाई की।
निगम ने 2 होली-क्रॉस स्कूलों को किया सील
58 लाख प्रॉपर्टी टैक्स बकाया, नोटिस के बावजूद नहीं किया भुगतान



