हरण बिस्वास/पखांजुर। परलकोट क्षेत्र के छोटेबेटिया गांव में इन दिनों भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। गांव के राम मंदिर परिसर में पहली बार आयोजित हो रहे पाँच दिवसीय भव्य हनुमंत यज्ञ की शुरुआत बुधवार को कलश यात्रा के साथ विधिवत रूप से हुई। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह बना हुआ है। यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा से हुआ, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे गांव और छोटेबेटिया बाजार क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति के साथ भ्रमण किया। कलश यात्रा के दौरान वेद मंत्रों की गूंज और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके पश्चात विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ अनुष्ठान प्रारंभ किया गया। बताया जा रहा है कि छोटेबेटिया का यह राम मंदिर परलकोट क्षेत्र का पहला राम मंदिर है, जिससे इस आयोजन का महत्व और भी बढ़ गया है। पांच दिनों तक चलने वाले इस यज्ञ में प्रतिदिन हवन-पूजन, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन और विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस विशेष आयोजन को सफल बनाने के लिए बागेश्वर धाम से विद्वान पंडितों को आमंत्रित किया गया है, जो पूरे यज्ञ को शास्त्रसम्मत विधि से संपन्न कराएंगे। वहीं आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं और मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी व सजावट से सुसज्जित किया गया है। आयोजन के तहत शुक्रवार को बेटियां बाजार में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो इस धार्मिक उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी। यज्ञ के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। छोटेबेटिया का यह पहला हनुमंत यज्ञ न केवल आस्था का केंद्र बन रहा है, बल्कि पूरे क्षेत्र में एकता और सामाजिक समरसता का संदेश भी दे रहा है।
कलश यात्रा से गूंजा छोटेबेटिया, भव्य हनुमंत यज्ञ का हुआ शुभारंभ
पहली बार राम मंदिर में पाँच दिवसीय आयोजन, भक्ति और उत्साह से सराबोर पूरा क्षेत्र, छोटेबेटिया में भक्ति की बयार, कलश यात्रा के साथ हनुमंत यज्ञ का आगाज



