बिलासपुर। क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की 76वीं बैठक श्री तरूण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर की अध्यक्षता में आज दिनांक 25 मार्च 2026 को महाप्रबंधक सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड की व्यक्तिगत नगद पुरस्कार योजना तथा क्षेत्रीय हिंदी प्रतियोगिता-2025 के पुरस्कार विजेताओं को महाप्रबंधक, श्री तरूण प्रकाश के करकमलों से पुरस्कृत किया गया। तदुपरांत क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के उपाध्यक्ष श्री शिवशंकर लकड़ा ने बैठक की कार्यसूची प्रस्तुत की, जिस पर सदस्यों द्वारा विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, श्री तरूण प्रकाश ने कहा कि हिंदी भाषा में सरकारी कामकाज करना उतना जटिल नहीं है, जितना कि उसे समझा जाता है। बैठक में सभी मदों पर विस्तापूर्वक चर्चा की गई तथा हिंदी में कामकाज संतोषजनक पाया गया।
उन्होंने निर्देश दिये कि राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार हेतु सभी मदों में गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त किया जाए। यह कार्यालय ‘क’ क्षेत्र में आता है और अधिकांश कार्मिक हिंदी भाषी हैं, इसलिए समस्त कामकाज हिंदी भाषा में ही किये जाएं। समिति के उपाध्यक्ष शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक-। ने कहा कि इस बैठक में गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार इस रेलवे में दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में हुई राजभाषा प्रगति की समीक्षा की गई। संसदीय राजभाषा समिति द्वारा महाप्रबंधक कार्यालय, रायपुर मंडल तथा रायपुर कारखाना में किये गये निरीक्षण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से इन निर्देशों का अनुपालन करने का अनुरोध किया।
क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की 76वीं बैठक का संचालन श्री शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक-। ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय) पीताम्बर लाल जाटवर ने किया।
रेलवे, मुख्यालय, बिलासपुर में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 76वीं बैठक संपन्न



