रायगढ़। जिले में एक युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, फिर उसे डराकर पैसे वसूलने लगा। इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई थी। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय नाबालिग ने महिला थाने रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि सारंगढ़ निवासी उद्धव दास महंत (21) जूटमिल क्षेत्र के बाजीनपाली में किराए के मकान में रहता था। दोनों की पहचान पहले रिश्तेदारी में हुई थी, जिसके बाद इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई। 26 जनवरी को आरोपी उसके स्कूल के पास पहुंचा और उसे घुमाने के बहाने बाइक से अपने किराए के मकान ले गया, जहां उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और किसी को बताने पर धमकी दी। घटना के बाद 11 मार्च को आरोपी पीडि़ता के घर के पास पहुंचा और उसे डराते-धमकाते हुए 10 हजार रुपए की मांग की। डर के कारण नाबालिग ने किसी तरह रुपए की व्यवस्था कर उसे दे दिए, लेकिन बाद में इसकी जानकारी परिजनों को हो गई। पूछताछ में पीडि़ता ने पूरी घटना बताई। परिजनों की सलाह पर पीडि़ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले को छिपाए नहीं- एसएसपी
एसएसपी अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध बेहद गंभीर हैं। इनमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों को छिपाएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
नाबालिग से किराए के मकान में रेप
डरा-धमकाकर 10 हजार भी ऐंठे, आरोपी गिरफ्तार



