जशपुर। झारखंड प्रांत के कुरडेग से जशपुर जिले के कुनकुरी जा रही यात्री बस तपकरा क्षेत्र के ग्राम गोडाअंबा के पास अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन मकान में घुसकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार पांच लोगों की मृत्यु हो गई, तो वहीं 12 से अधिक घायल हो गए हैं। जिनका उपचार कुनकुरी होलीक्रास हास्पिटल में जारी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम गोडाअंबा के पास झारखंड प्रांत के कुरडेग से जशपुर जिले के कुनकुरी जा रही यात्री बस अनियंत्रित हो गई और सडक़ के किनारे निर्माणाधीन मकान में जा घुसी।
बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह पलट गई। जिससे बस में सवार पांच यात्री की मौत हो गई जिनमें एक मासमू बच्चा भी शामिल है, तो वहीं दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए। जिनमें कुछ लोगों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें कुनकुरी के होलीक्रास अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां घायलों का सघन व उचित उपचार जारी है। वहीं कुछ लोगों को मामूली चोट आने पर प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जाता है कि हादसे में कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों व पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।
मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री शोक व्यक्त किया
जशपुर के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना में यात्रियों के असामायिक निधन के समाचार को अत्यंत दुखद ह्रदयविदारक बताते हुए वित्त मंत्री विधायक रायगढ़ ओपी चौधरी ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को इस गहन दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।



