रायगढ़। हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालक से मारपीट कर नगदी लूटने वाले गिरोह पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन, करीब 170 लीटर डीजल, नगदी 500 रुपये तथा अपराध में प्रयुक्त लोहे का रॉड, डंडा और पाइप जप्त किया है।
घटना के संबंध में हाईवा चालक मुकेश यादव पिता खुथ्थू यादव उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम धनवाही थाना इंदवार जिला उमरिया (म.प्र.) ने दिनांक 03 मार्च को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह वर्तमान में भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हाईवा चालक का कार्य करता है। 02 मार्च की रात वह अपने हाईवा क्रमांक सीजी 10 बीके 9082 को भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में खड़ा कर वाहन में ही सोया हुआ था। साइडिंग में अन्य पांच हाईवा भी खड़े थे, जिनके चालक होली मनाने अपने-अपने घर चले गए थे। रात करीब 3.00 से 3.30 बजे के बीच उसे वाहन से आवाज सुनाई दी, जिस पर नीचे उतरकर देखने पर तीन अज्ञात व्यक्ति उसके हाईवा से डीजल चोरी करते मिले।
चालक के चिल्लाने पर आरोपी डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर दो आरोपी वापस आए और मोबाइल व पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर चालक की जेब में रखे 200 और 100 रुपये के कुल 500 रुपये लूट लिए तथा वहां खड़े अन्य हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी करने लगे। भयवश चालक वहां से भागकर मोबाइल के माध्यम से वाहन मालिक को घटना की जानकारी दी। आरोपियों द्वारा लगभग 175 लीटर डीजल चोरी कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन से सराईडीपा की ओर भागने की जानकारी दी गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16,500 रुपये बताई गई।
मामले में थाना तमनार में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। थाना प्रभारी ने पीडि़त चालक, आसपास के ग्रामीणों और मुखबिरों से जानकारी एकत्र कर संदिग्धों की तलाश तेज की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों कैलाश दास मंहत, गोविन्द सिदार और सुनील यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुनील यादव के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो तथा एक प्लास्टिक गैलन में 50 लीटर डीजल और चार प्लास्टिक गैलन में 30-30 लीटर कुल 170 लीटर डीजल, आरोपी कैलाश दास मंहत से नगदी 500 रुपये और बांस का डंडा तथा आरोपी गोविन्द सिदार से लोहे का रॉड और प्लास्टिक पाइप जप्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश दास मंहत पिता स्व. पुनीदास मंहत उम्र 30 वर्ष , गोविन्द सिदार पिता स्व. महेत्तर सिदार उम्र 24 वर्ष ,सुनील यादव पिता मेघनाथ यादव उम्र 28 वर्ष तीनों निवासी ग्राम चितवाही थाना तमनार जिला रायगढ़ शामिल हैं। तीनों आरोपियों को लूट के अपराध में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
डीजल चोर गैंग स्कार्पियो के साथ पकड़ाया
हाईवा चालकों से लूट और डीजल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार



