रायगढ़। युवती से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कल प्रार्थिया द्वारा महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 4 मार्च की दोपहर गांव का निवासी बृजेश मंहत उम्र लगभग 27 वर्ष नहानी में घुसकर उसे नहाते हुए देखने लगा और फिर नहानी घर में छेड़छाड़ करने लगा। पीडि़ता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसे हाथ और थप्पड़ मारा। शोर मचाने पर पीडि़ता की मां मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी, जिस पर आरोपी ने पीडि़ता की मां के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। इसी दौरान पीडि़ता के पिता भी मौके पर पहुंचे, जिन्हें भी धक्का देकर आरोपी वहां से भाग गया।
पीडि़ता की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में धारा 74, 75(2), 77, 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। नव पदस्थ थाना प्रभारी महिला थाना उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा तत्काल पुलिस स्टाफ के साथ आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी बृजेश दास मंहत पिता सुकरीत दास मंहत उम्र 26 वर्ष निवासी जूटमिल थाना क्षेत्र रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर दिया गया।
युवती से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार



