पखांजूर। होली पर्व से पहले क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पखांजूर पुलिस सक्रिय मोड में है। इसी क्रम में अवैध गांजा परिवहन और बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया गया है। पुलिस को 28 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति काले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी-19 बीआर-2953) की डिक्की में गांजा रखकर महाराष्ट्र से पखांजूर होते हुए कापसी की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर ग्राम माटोली चौक मेन रोड पर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने अभय दास (33 वर्ष), निवासी छोटेकापसी छोटेपारा, थाना पखांजूर को पकड़ा। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की डिक्की से प्लास्टिक में भरा 2.368 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1,15,900 रुपये बताई गई है। साथ ही 1,800 रुपये नकद, एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और एक रेडमी एंड्रॉइड मोबाइल भी जब्त किया गया। कुल जब्ती सामग्री की कीमत 1,77,700 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के विरुद्ध थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन उजियारा’ के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दी गई सूचना और सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
2.368 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार



