सारंगढ़। जिले के भटगांव में खाकी का खौफ अब खत्म होता नजर आ रहा है। बीती रात लगभग 1:30 बजे एक नकाबपोश चोर ने प्रकाश इलेक्ट्रिकल के पीछे का दरवाजा तोडक़र दुकान में रखे 13 हजार नगद और करीब 12 हजार का सामान वायर बंडल पार कर दिया। चोर की पूरी करतूत सीसी टीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है, जिसमें वह नकाब बांधे बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देता दिख रहा है। एक महीने के भीतर चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले एक और दुकान में चोरी के बाद आग लगा दी गई थी, जिस से अब पूरे नगर के व्यापारियों में दहशत का माहौल है दुकान संचालक याद राम पटेल की सूचना पर पुलिस विवेचना में तो जुट गई है, लेकिन व्यापारी सवाल पूछ रहे हैं – क्या पुलिस की पेट्रोलिंग केवल कागजों पर हो रही है ? जब अपराधी सीसीटीवी के सामने चोरी कर रहे हैं, तो आमजनता व व्यापारी खुद को सुरक्षित कैसे समझें ? थानेदार शिवकुमार धारी ने चोर को जल्द पकडऩे का दावा तो किया है, लेकिन क्या भटगांव की रातें फिर से सुकून भरी होंगी या चोर ऐसे ही पुलिस की नाक के नीचे तांडव करते रहेंगे ?



