जशपुरनगर। पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक पिता ने अपने बेटे पर पेट्रोल छिडक़कर आग लगा दी। इस घटना में बेटे की मां और भाई भी कथित तौर पर शामिल थे। गंभीर रूप से झुलसे युवक का इलाज अंबिकापुर में चल रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में पीडि़ता कामना भगत (25) ने 15 फरवरी 2026 को अंबिकापुर के होलीक्रॉस हॉस्पिटल चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दो साल पहले उनके ससुर शिवशंकर यादव (55) ने पारिवारिक जमीन बेची थी। घायल कौशल यादव (30) लगातार अपने हिस्से की रकम की मांग कर रहे थे। इसी मांग को लेकर 13 फरवरी 2026 को परिवार के सदस्यों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान शिवशंकर यादव, उनकी पत्नी चंद्रमुनी भगत (47) और छोटे बेटे अंकुश यादव (27) ने मिलकर कौशल यादव के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, विवाद के दौरान शिवशंकर यादव ने कथित तौर पर अपने बेटे कौशल यादव पर पेट्रोल छिडक़ दिया और जलती हुई माचिस उसकी ओर फेंक दी। इससे कौशल गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पर चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में प्रारंभिक रूप से बिना नंबरी अपराध दर्ज किया गया। चूंकि घटना स्थल थाना नारायणपुर क्षेत्र में आता है, इसलिए अग्रिम कार्रवाई एवं विवेचना के लिए प्रकरण थाना नारायणपुर को प्रेषित किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद कोर्ट में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पिता ने बेटे पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, तीन गिरफ्तार
जमीन विवाद मामले में मां-भाई भी थे शामिल



