-
सौदे की आधी रकम देकर पूरी करवा ली रजिस्ट्री, कहा प्रमाणी करण के बाद देंगे शेष राशि
सात साल गुजर जाने के बाद भी बाकि पैसे के लिये भटक रहा भू-स्वामी
आर्थिक तंगी से जूझ रहा पीडि़त न्याय के लिए भागदौड़ कर पाने में असमर्थ
रायगढ़। भ्रष्टाचार और घोटालों के जमाने में एक से बढक़र एक कारनामें देखने-सुनने को मिलते हैं। अब तो आलम यह है कि एक तरफ दूसरों के हक पर डाका डालो और दूसरी तरफ दिखावे के लिए सामाजिक हित में उसी का कुछ हिस्सा खर्च कर वाहवाही लूटो। ऐसा ही एक कुटिल चाल टीआरएन एनर्जी कटाईपाली सी के विद्यालय के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों तथा अध्यापकों के साथ चल रहा है।
खबर है कि अक्सर विवादों में घिरा रहने वाला नावापारा (टेंडा) के भेंगारी स्थित टीआरएन एनर्जी ग्राम कटाईपाली सी स्थित विद्यालय के बोर्ड परीक्षा परिणाम के बाद वहाँ के विद्यार्थियों के लिए एक शानदार अभिनंदन समारोह आयोजित करेगा। यही नहीं, विद्यार्थियों के भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा कर उनकी क्षमता और संसाधनों पर भी चिंतन कर राह निकाला जायेगा। यह बातें विद्यालय में आयोजित विदाई समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में वायुनन्दन पांडे विभागाध्यक्ष सुरक्षा एवं प्रशासन टीआरएन एनर्जी भेंगारी ने कहा है।अब सवाल उठता है कि इस कंपनी को जब इतना ही सामाजिक हित में सेवा करने का बुखार चढ़ा है तो आज से सात साल पहले उन गरीब किसानों से खरीदी जमीन, जिसकी तय कीमत की आधी राशि देकर यह कहकर कंपनी के महाप्रबंधक के नाम तत्काल रजिस्ट्री करवा ली कि बाकि राशि प्रमाणीकरण में देंगे, लेकिन आज सात वर्ष बीत जाने के बाद भी बकाया लाखों की राशि क्यों नहीं चुकता कर रहा है?



