बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आज वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से एक अस्वस्थ वरिष्ठ यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित राहत प्रदान की गई। संबंधित यात्री भिलाई से कोरबा की यात्रा कर रहे थे तथा बिलासपुर स्टेशन पर उन्हें कोरबा जाने के लिए ट्रेन बदलनी थी। इसी दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में अचानक उनकी तबीयत बिगडऩे से वे अचेत हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही वाणिज्य विभाग की स्पेशल सेल टीम ने तत्परता एवं सजगता का परिचय देते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर यात्री को स्टेशन स्थित आपातकालीन चिकित्सा कक्ष तक पहुंचाया तथा उनके परिजनों से शीघ्र संपर्क स्थापित किया।
चिकित्सकीय जांच में पाया गया कि यात्री का शुगर स्तर अत्यधिक कम हो गया था, जो गंभीर स्थिति थी। चिकित्सकों की निगरानी में उन्हें आवश्यक प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सहायता प्रदान की गई, जिससे शीघ्र ही उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ। स्वास्थ्य में सुधार के पश्चात परिजनों के अनुरोध पर यात्री को पूर्ण सुरक्षा एवं देखरेख के साथ ट्रेन द्वारा उनके गंतव्य कोरबा के लिए रवाना किया गया। स्पेशल सेल टीम द्वारा की गई इस त्वरित, सजग एवं मानवीय कार्रवाई के परिणामस्वरूप कम समय में ही यात्री की स्थिति सामान्य हो सकी। यात्री एवं उनके परिजनों ने रेलवे प्रशासन एवं स्पेशल टीम की त्वरित सहायता, समर्पण और सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने टीम के सदस्यों की तत्परता, सजगता एवं मानवीय संवेदना की सराहना करते हुए कहा कि स्पेशल टीम आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
वाणिज्य विभाग की त्वरित व मानवीय पहल
अस्वस्थ वरिष्ठ यात्री को समय पर मिली चिकित्सा सहायता



