रायगढ़। निर्माणाधीन नालंदा परिसर से लगे निगम कॉम्प्लेक्स अब चोरों के निशाने पर है। बीती रात अज्ञात तत्वों ने प्रतीक टेलर्स का ताला तोड़ते हुए न केवल सिलाई मशीन और कपड़ों पर हाथ साफ किया, बल्कि जाते-जाते दुकान में आग भी लगाते गए। इस घटना के बाद अब गरीब दर्जी के सामने रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई है।
मरीन ड्राइव वैसे भी शराबखोरी और अय्याशी के लिए पहले से ही बदनाम है। ऐसे में अब यहां चोरियां भी होनी लगी है। वहीं, निर्माणाधीन नालंदा परिसर से लगे निगम कॉम्प्लेक्स में संचालित दुकानों को भी चोर नहीं बख्श रहे। बेलादुला के खर्राघाट में रहने वाले निरंजन मिश्रा नालंदा परिसर के समीप निगम कॉम्प्लेक्स में प्रतीक टेलर्स नामक दुकान चलाते हैं। गत रविवार रात लगभग साढ़े 8 बजे निरंजन अपनी टेलरिंग दुकान बंदकर रोजाना की तरह घर चले गए। आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे निरंजन दुकान खोलने गए तो वहां शटर में लगे ताले को टूटकर किनारे संदिग्ध हालत में पड़े पाया। किसी अनहोनी की आशंका से सिहरे निरंजन ने जब शटर उठाया तो दुकान के भीतर का नजारा देख उनके पांव तले जमीन खिसकने की नौबत सी आ गई। दरअसल, दुकान में रखे कुछ कपड़े जल रहे थे तो वहां रखे 5 सिलाई मशीन, 3 कैंची, सिलाई लिए हुए पेंट-शर्ट और ग्राहकों के सिलने के लिए रखे कपड़े समेत हजारों का माल गायब था। चूंकि, चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर दुकान के कतरन कपड़ों में आग भी लगा चुके थे, मगर आगजनी की बड़ी घटना नहीं हो पाया था, लिहाजा माजरा समझ मे आते ही बदहवास टेलर ने मौके की नजाकत को भांप नजदीकी थाने में घटना की सूचना देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
बहरहाल, चक्रधर नगर पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेते हुए अज्ञात चोरों की पतासाजी के लिए पूरी ऊर्जा झोंक दी है। पुलिस को उम्मीद है कि प्रतीक टेलर्स का ताला तोडऩे वाला मुल्जिम जल्द ही सलाखों के पीछे होगा।
नालंदा परिसर से लगे निगम कॉम्प्लेक्स में चोरों का धावा
प्रतीक टेलर्स का ताला तोडक़र ले उड़े हजारों का सामान, चोरी के बाद दुकान में लगाई आग



