रायगढ़। जूटमिल, चक्रधरनगर एवं साइबर की संयुक्त टीम ने मुखबीर की सूचना पर छापामार कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा पट्टी लिखने वाले पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर व साइवर पुलिस की टीम ने पक्कीखोली सिंधी कालोनी में छापामार कार्रवाई करते हुए सुरेश माखिजा और उसके बेटा गिरीश माखिजा को पकड़ कर पूछताछ किया तो उसने सट्टा जुआ चलाना स्वीकार किया। इसी बीच बाथरूम से जलने की बदबू आने पर दरवाजा खुलवाया गया, जहां उसका बेटा गिरीश माखिजा मिला, जो साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से कुछ सामग्री जला कर फ्लश कर चुका था। ऐसे में पुलिस ने जब उससे पूछताछ किया तो उसने स्वीकार किया कि वे अपने घर से ही मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप पर सट्टा खेलने वालों से अंकों का विवरण लेते थे, दांव की राशि यूपीआई के जरिए अपने बैंक खातों में मंगवाते थे और जीत की रकम ऑनलाइन ही वापस करते थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से वीवो कंपनी के दो 5जी मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनके व्हाट्सएप चैट और फोटो गैलरी में विभिन्न अंकों पर रुपये के दांव से संबंधित सट्टा पट्टी के प्रमाण पाए गए। जिससे चक्रधरनगर पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06(क), 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 31 जनवरी की रात गिरफ्तार किया है।
वहीं दूसरे मामले में जूटमिल पुलिस ने राजीव गांधी नगर में छापेमारी कर प्रमोद वारे पिता प्यारेलाल वारे 26 वर्ष को रंगे हाथ सट्टा पट्टी लिखते पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी लिखे कागज, पोको कंपनी का मोबाइल जिसमें व्हाट्सएप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाना पाया गया), साथ ही उसके पास नगद 3,580 रुपये जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 06(क), 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक विरेंद्र भगत, प्रधान आरक्षक रेखा नागरे, आरक्षक शशि भूषण साहू, आरक्षक धनेश्वर प्रसाद उरांव सहित साइबर थाना प्रभारी नासिर खान, प्रभारी थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक गेंद लाल साहू, एएसआई नंद कुमार सारथी एवं दोनों थानों के स्टाफ की अहम भूमिका रही।
ऑनलाइन सट्टा लिखतेे बाप-बेटा समेत तीन गिरफ्तार
दो वीवो मोबाइल व फोटो गैलेरी से सट्टा-पट्टी मिले



