रायपुर। प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में पीजी कोटे में कमी के खिलाफ राज्यभर के एमबीबीएस छात्रों ने सोमवार को काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज किया। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में बड़ी संख्या में छात्र इक_ा हुए और पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि नए नियमों से उनका भविष्य प्रभावित होगा और राज्य के मेडिकल छात्रों के लिए पीजी प्रवेश बेहद मुश्किल हो जाएगा।
छत्तीसगढ़ डॉक्टर्स फेडरेशन के अनुसार देशभर में 50 प्रतिशत पीजी सीटें अखिल भारतीय कोटे में जाती है। बाकी 50 प्रतिशत सीटें राज्य सरकार अपने मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस छात्रों के लिए सुरक्षित रखती है। लेकिन नए फैसले के बाद राज्य कोटा 50 प्रतिशत से घटाकर 25प्रतिशत कर दिया गया। केंद्रीय कोटा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 75प्रतिशत हो गया। फेडरेशन का कहना है कि इससे छत्तीसगढ़ के हजारों छात्रों को नुकसान होगा, क्योंकि वे अपने ही राज्य में पीजी करने के हक से वंचित हो जाएंगे।



