खरसिया। जनपद पंचायत खरसिया के सभा कक्ष में आज सरपंचों की महत्वपूर्ण प्रथम बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र की प्रगति और पंचायतों के सशक्त संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसी दौरान सर्वसम्मति से सरपंच संघ के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें सबसे अधिक ध्यान आकर्षित किया ग्राम पंचायत चोढ़ा के सरपंच राधेलाल राठिया ने, जिन्हें सरपंच संघ का अध्यक्ष चुना गया। राधेलाल राठिया के चयन पर सभी सरपंचों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पंचायतों के विकास कार्यों में नई गति आएगी। उपाध्यक्ष पद के लिए ग्राम पंचायत परसकोल के सरपंच जयसिंह सिदार और ग्राम पंचायत करूमौहा के सरपंच पुलकित राठिया को सर्वसम्मति से चुना गया। सचिव पद की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत बांसमुड़ा की सरपंच देवकुमारी राठिया को सौंपी गई, वहीं ग्राम पंचायत ढीमानी के सरपंच घनश्याम सिदार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रदान की गई। मीडिया प्रभारी के रूप में ग्राम पंचायत ठूसेकेला के सरपंच रामसेतु उरांव तथा सहसचिव के रूप में ग्राम पंचायत तिऊर की सरपंच रजनी सिदार का चयन किया गया। बैठक में जनपद पंचायत क्षेत्र के सभी सरपंच उपस्थित रहे। सभी ने नव-चयनित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई टीम के नेतृत्व में सरपंच संघ संगठित शक्ति के रूप में कार्य करेगा, जिससे ग्रामीण विकास के प्रयास और सशक्त रूप से आगे बढ़ेंगे। सभी ने विश्वास जताया कि अध्यक्ष राधेलाल राठिया के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से आगामी समय में पंचायतों के कार्यों में पारदर्शिता, गति और समन्वय और अधिक मजबूत होगा।



