सारंगढ़-बिलाईगढ़। नगर पंचायत सरिया में विकास के रंग में रंगा दिखाई दिया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में लगभग 29 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इस मौके पर नगर सहित आसपास के ग्रामों से भारी संख्या में लोग पहुंचे और कार्यक्रम को ‘विकास का पर्व’ बताया। कार्यक्रम के दौरान मंच से उत्साह और जोश देखते ही बनता था। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली और जन कल्याणकारी नीतियों पर जोर देते हुए कहा कि ‘अब विकास कार्य जनता के द्वार तक पहुंच रहे हैं।’
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरिया नगर पंचायत में आज 30 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत हुई है। यह तो बस शुरुआत है, आगे और बड़े प्रोजेक्ट इस क्षेत्र में आएंगे। आज का दिन विकास की ‘बड़ी बोहनी’ है। इन कार्यों के पूरा होने से सरिया नगर और आसपास के क्षेत्रों में सडक़, पेयजल, भवन निर्माण एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा जनता सब जानती है। अब सही बटन दबाइए विकास अच्छा होगा, जो विकास करे, उसी को चुनिए। अगर कोई कमीशन मांगे, तो जनता उसे जवाब देगा। उन्होंने आगे कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलेक्टर संजय कन्नौजे बहुत ही कर्मठ और संवेदनशील अधिकारी हैं। परसों रात मैंने कार्यक्रम को लेकर उनसे चर्चा की थी और उन्होंने मात्र दो दिन में इस पूरे आयोजन को अत्यंत सुंदर और सुसंगठित रूप से तैयार कर दिया। वास्तव में उन्होंने प्रशंसनीय कार्य किया है। मैं उनके कार्य के लिए दिल से सराहना करता हूं। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे, पुलिस अधीक्षक आञ्जनेय वार्ष्णेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के लगभग 29 करोड़ रुपए के विकास कार्य का हुआ शुभारंभ



