वित्तमंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक पुरंदर मिश्रा, आलोक सिंह, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, अरुणधर दीवान, गुरुपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पांडेय सहित भाजपा नेताओं ने बाबा प्रियदर्शी राम का लिया आशीर्वाद
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ में गुरु दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने गुरु पीठ आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने आश्रम में अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य प्रियदर्शी भगवान राम जी के दर्शन भी किए और मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी, लोक सभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक पुरंदर मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, अरूणधर दीवान, गुरूपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, विजय अग्रवाल, सुभाष पाण्डेय, रत्थू गुप्ता, अरूण कातोरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
आध्यात्मिक मूल्यों एवं संस्कारों की पाठशाला के रूप में अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय बनोरा का नाम है विख्यात
छत्तीसगढ़ में अघोर पंथ का बीजारोपण करने वाले पूज्य अघोरेश्वर के शिष्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के कर कमलों से तीन दशक पहले रायगढ़ के पूर्वांचल स्थित ग्राम बनोरा में इस ट्रस्ट की नींव रखी गई तब से लेकर आज तक यह ट्रस्ट राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। आध्यात्मिक मूल्यों एवं संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा की स्थापना तीन दशक पहले की गई। अघोरेश्वर महाप्रभु ने समाज के विकास की अवधारणाओं का सूत्रपात किया। अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रियतम शिष्य बाबा प्रियदर्शी राम जी ने बनोरा से जुड़ी अन्य शाखाओं सहित अन्य प्रांतों में भी विस्तार किया। बनोरा से जुड़ी सभी शाखाओं में मानव सेवी गतिविधियां निरंतर संचालित हो रही हैं। बनोरा ट्रस्ट से जुड़ी सभी शाखाएं आसपास क्षेत्र के मौजूद जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को जीवन की मूलभूत आवश्यकता शिक्षा, चिकित्सा और आध्यात्मिक मूल्यों की सीख देकर समाज कल्याण के लिए क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही है।
श्री सत्यनारायण बाबा धाम कोसमनारा पहुंचे सीएम साय
प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की
रायगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित 108 सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का दिन श्रद्धा, आस्था और मार्गदर्शन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। कोसमनारा स्थित यह धाम लोगों की आस्था का केंद्र है और यहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण के मार्ग पर गुरुजनों के आशीर्वाद और जनआशीर्वाद के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक पुरंदर मिश्रा, आलोक सिंह और महापौर जीवर्धन चौहान, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पाण्डेय, अरूण कातोरे सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पूज्य बाबा जी का सानिध्य ऊर्जा का संचार करता है-नितिन नवीन
मंत्री विहार प्रभारी छत्तीसगढ़ नितिन नवीन ने भी गुरु पूर्णिमा पर पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी का आशीर्वाद हासिल करते हुए कहा परम पूज्य अघोरेश्वर प्रियदर्शी बाबा राम जी का सानिध्य और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उनका मार्गदर्शन सदैव ही आत्मिक शांति, प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
जीवन से अज्ञानता के अंधकार को दूर कर रहे बाबा प्रियदर्शी राम-महापौर जीवर्धन
पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के आशीर्वचन मनुष्य जीवन में अज्ञानता के अंधकार को दूर कर रहे है। पीडि़त मानव की सेवा के लिए बाबा जीवन का जीवन समर्पित है । राजनीति के क्षेत्र में भी उनसे सदैव मार्गदर्शन हासिल होता है। अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा इस प्रदेश की गौरव पूर्ण उपलब्धि है। गुरु पूर्णिमा पर आज बाबा जी का आशीर्वाद हासिल किया।
माता पिता गुरु धरती के ईश्वर- अरुण धर दीवान
गुरु ब्रह्मा दोऊ खड़े काके लागू पांव बलिहारी गुरु आपने गोविंद दियो बताया इन पंक्तियों के जिक्र करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष अरूणधर दीवान ने कहा पूज्य संत प्रियदर्शी राम जी ने गुरु के नाते समाज का मार्गदर्शन किया है। बाबा जी के आशीर्वचन मनुष्य को जीवन की वास्तविकता से परिचित कराते है। आज गुरु पूर्णिमा पर उनका आशीर्वाद हासिल किया।
पंगत में बैठकर किया भंडारा प्रसाद ग्रहण किया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायगढ़ जिले के बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय में गुरु के दर्शन के पश्चात गुरु दर्शन के लिए आए सारे लोगों के बीच पंगत में बैठकर भंडारा प्रसाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, लोक सभा सांसद राधे श्याम राठिया, राज्य सभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में आमजनों ने भी भंडारा प्रसाद ग्रहण किया।
सीएम का रायगढ़ आगमन पर हुआ आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 10 जुलाई को रायगढ़ प्रवास पर पहुंचे। यहां जिंदल एयरस्ट्रिप आगमन पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।