रायगढ़। भाजपा के संगठन महापर्व के अंतर्गत बूथ अध्यक्ष,बूथ समितियां,मंडल अध्यक्ष के बाद जिलाध्यक्षों की घोषणा होनी है इसके लिए आज प्रदेश के सभी जिलों में रायशुमारी बैठक आहुत की गई है। इसी तारतम्य में जिले के नए अध्यक्ष के लिए आज कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के लिए बिल्हा विधायक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक रायगढ़ पहुंचे। बताया जा रहा है कि इस दौरान अध्यक्ष पद के लिये अरुणधर दीवान, सतीष बेहरा, श्रीमती सुनीति राठिया, विवेक रंजन सिन्हा, विकास केडिया, महेश साहू, रत्थु गुप्ता, अरुण कातोरे, अनुपम पाल सहित दस लोगों ने अपना दावा प्रस्तुत किया है।
संगठन चुनाव के जिले के प्रभारी धरमलाल कौशिक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा की भाजपा कार्यकर्ता सदैव इसी प्रयास में रहे की उन्हें जनता की सेवा करनी है,राजनीति समाजसेवा का सशक्त माध्यम है। पंच से लेकर पार्लियामेंट एवं पार्षद से लेकर प्रधानमंत्री तक हमारे कार्यकर्ता जनता की सेवा में समर्पित रहें। प्रदेश भाजपा के निर्देश के परिपालन में मै आज आप लोगों के बीच नए भाजपा अध्यक्ष की रायशुमारी के लिए उपस्थित हुआ हूं, मुझे ज्ञात है कि जिले के ज्येष्ठ श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं ने जिस तरह प्राथमिक सदस्यता अभियान एवं सक्रिय सदस्यता अभियान के संगठन महापर्व में जिले का नाम रौशन किया है उसी तरह आज अपने नए जिला अध्यक्ष के लिए भी पारिवारिक माहौल में चर्चा होगी।
इनकी रही उपस्थिती
आज इस बैठक में सांसद राधेश्याम राठिया, गिरधर गुप्ता, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, सुनीति राठिया, सत्यानंद राठिया, जिले व प्रदेश के भाजपा के पदाधिकारियों में रवि भगत, गोपाल शर्मा, शकील अहमद,बृजेश गुप्ता,विवेक रंजन सिन्हा,पूनम सोलंकी, जनेश्वर मिश्रा मंचासिन रहे। कमल गर्ग ने मंच की व्यवस्था संभाली। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक की इस रायशुमारी के दौरान दस दावेदारों ने अध्यक्ष पद के लिये अपने आपको दावेदार बताया है जिनमें विवेक रंजन सिन्हा, विकास केडिया, अरूणधर दीवान, रत्थु गुप्ता, महेश साहू, अरूण कातोरे, सुनीति राठिया, अनुपम पाल, सतीश बेहरा सहित दस लोगों के नाम शामिल है। सूत्र बताते हैं कि इन नामों में से तीन नाम का पैनल बनाकर उपर भेजा जाएगा जिनमें से किसी एक नाम को अंतिम रूप से तय किया जाना है।
वन-टू-वन कर जानी राय
रायशुमारी की चर्चा प्रारंभ करने के पूर्व श्री कौशिक ने जिलाध्यक्ष के लिए इच्छा रखने वाले कार्यकर्ताओं को सामने बुलाया जिसमे 10 लोगों ने जिलाध्यक्ष के दायित्व संभालने की इच्छा जाहिर की, उसके बाद श्री कौशिक ने सभी अपेक्षित कार्यकर्ताओं को एक एक कर बुलाया और उनसे दावेदारों के संबंध में वन-टू-वन कर उनकी राय जानी। इस वन-टू-वन के बाद तीन नामों का पेनल बनाकर प्रदेश संगठन को भेजा जाएगा, जिसका निर्णय प्रदेश संगठन द्वारा दिसंबर माह खत्म होने से पहले कर दिया जाएगा।
अरुणधर के अध्यक्ष बनने के मिल रहे संकेत
जिला भाजपा अध्यक्ष के पद को लेकर रायशुमारी करने रायगढ़ आए चुनाव अधिकारी बिल्हा के विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने जिला भाजपा कार्यालय में जिले के भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से मिलकर चर्चा की। अध्यक्ष पद को लेकर 10 दावेदारों ने अपनी दावेदारी पेश की। जिसके बाद श्री कौशिक ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। जिला भाजपा कार्यालय में भारी गहमा-गहमी देखी गई और दावेदार अपने-अपने समर्थकों के साथ अपनी दावेदारी को मजबूत बताने में जुटे रहे। मुख्य रूप से अरुणधर दीवान, सतीष बेहरा, श्रीमती सुनीति राठिया व विवेक रंजन सिन्हा के समर्थन में पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को चर्चा करते देखा गया। खासकर अरुणधर दीवान को लेकर मजबूत दावेदारी देखने को मिली, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि जिलाध्यक्ष पद पर अरुणधर दीवन की ताजपोशी होनी लगभग तय मानी जा रही है। अरुणधर को लेकर कुछ तथ्य भी सामने हैं कि वे संगठन को लेकर बड़े ही संजीदगी से कार्य करते हैं। वर्तमान अध्यक्ष उमेश अग्रवाल के कार्यकाल में भी अरुणधर दीवान जिला महामंत्री के पद पर हैं और उन्होंने संगठन का काम पूरी निष्ठा व अनुशासन के साथ-साथ ईमानदारी से निभाया है। सूत्र बताते हैं कि उन्हें वर्तमान अध्यक्ष उमेश अग्रवाल का भी सहयोग प्राप्त है। अब यह सहयोग किस रूप में है यह तो बंद मुट्ठी खुलने के बाद ही ज्ञात होगा।