रायपुर। सरोरा गांव में एक युवक की हत्या कर शव को तालाब में डाल दिया गया। शहर में 72 घंटे में ये 7वां मर्डर है। वहीं पुलिस विभाग डैमेज कंट्रोल में जुटा है। रायपुर एसएसपी संतोष सिंह ने तिल्दा थाना प्रभारी अविनाश सिंह को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही सत्येंद्र सिंह श्याम को थाना प्रभारी की नई जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस ने खम्हारडीह में युवक की हत्या के आरोप में दोस्त को गिरफ्तार किया है। दोस्त को शक था कि उसकी प्रेमिका से आरोपी के संबंध हैं। वहीं पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में डबल मर्डर केस में 2 पक्षों के 5 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। वहीं तिल्दा में मर्डर पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि खम्हारडीह में 1, तेलीबांधा में 1 और तिल्दा के 1 केस में पुलिस के हाथ अभी खाली हैं।
तिल्दा थाना क्षेत्र के सरोरा गांव में शनिवार को दूसरा मर्डर हुआ है। बताया जा रहा है कि मनीष यादव (27) नाम के युवक की लाश मिली है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है। तिल्दा नेवरा इलाके में 1 नवंबर की रात तुलसी गांव के ओमप्रकाश रात्रे की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ओम प्रकाश के चेहरा, गाल, कान, सिर, गला, पीठ, दोनों हाथ और गर्दन पर चाकू से वार किया था। आरोपी हेमकुमार साहू ने पुलिस से बताया कि बड़े पिताजी की लडक़ी से करीब 20-25 दिन पहले ओमप्रकाश उर्फ गोला रात्रे ने लव मैरिज की थी, जिससे वह नाराज था। आरोपी ने बटनदार चाकू से वारकर हत्या की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
खम्हारडीह पुलिस को 30 अक्टूबर को सुंदर साहू (28) की हत्या कर दी गई। निर्वान परिसर के अंदर बाउंड्री वॉल के पास शव को फेंक दिया गया। सिर पर बत्ते से वार कर युवक को मारा गया। वारदात को लेकर पुलिस ने लोगों से पूछताछ की तो पता चला उसे अंतिम बार उसके दोस्त प्रेम शंकर साहू के साथ देखा गया था। प्रेम शंकर और सुंदर दोनों कंस्ट्रक्शन एरिया में मिस्त्री का काम करते थे। जानकारी मिलते ही पुलिस ने प्रेम शंकर को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ की। आरोपी प्रेम शंकर ने बताया कि सुंदर अपनी प्रेमिका के साथ पति-पत्नी की तरह 6 साल से रह रहे थे। दोनों के बीच कई बार विवाद भी होता था। इसी बीच वह सुंदर की प्रेमिका से मिलने के लिए घर आया जाया करता था, जिससे सुंदर नाराज होता था, वह अपने दोस्त को कहता था कि घर मत आया कर। इससे नाराज होकर प्रेम शंकर ने सुंदर को मारने की साजिश रची। इसके बाद 30 अक्टूबर की रात 3 बजे तक वह दोनों कचना इलाके में घूमते रहे। इसी दौरान मौका पाकर प्रेम शंकर ने सुंदर के सिर पर बत्ते से हमला कर मार डाला। पुलिस ने प्रेम शंकर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाटागांव स्थित क्चस्क्क कॉलोनी में 31 अक्टूबर को जुए में हार जीत को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान संजय यादव (35) पर तीन-चार आरोपियों ने पेचकस, बियर की बोतल से उसके सीने में और पेट पर हमला किया। इस दौरान संजय के भाई ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उससे भी मारपीट की। हमले में संजय लहूलुहान हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में दूसरे पक्ष के भी एक युवक आनंद सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। उसके शरीर पर भी कई जगह धारदार हथियार से वार किए गए थे। पहले उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे डीकेएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने एक पक्ष के लुकस मरावी, बबलू सोनी निवासी बीएसपी कॉलोनी और दूसरे पक्ष के सुभाष यादव, गजानंद मानिकपुरी, अक्षय यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अवंती विहार के पास एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग की पत्नी पर भी पर हमला किया गया है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया है।
72 घंटे में 7वां मर्डर : युवक को मारकर तालाब में फेंका, एसएसपी ने थानेदार को हटाया
