रायपुर। प्रदेश मेें सोमवार से लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर रायपुर सहित 10 जिलों में रहेगा। वहीं नौतपा के दूसरे दिन रविवार को कोंडागांव में धूल भरी आंधी के साथ जमकर बारिश हुई। इसके चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि बारिश के चलते लोगों को राहत मिली है।
रायपुर समेत कई जिलों में भी बारिश के आसार हैं। हालांकि अधिकतम तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में सोमवार से तापमान में दो-तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.5 राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जगदलपुर में रात का तापमान 22.9 डिग्री रहा।
आज से हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 से 29 में मई तक रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर, मुंगेली, बलौदा बाजार, महासमुंद, कबीरधाम और बेमेतरा ग्रीष्म लहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 28 मई से 30 मई तक रायपुर बिलासपुर दुर्ग संभाग के सभी जिलों में ग्रीष्म लहर जैसे हालात रहेंगे।
आज से लू चलने के भी आसार
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार (27 मई) के बाद लू चलने के आसार हैं। प्रदेश में इस समय समुद्र की तरफ से नमीयुक्त हवा आ रही है। वहीं कुछ हिस्सों में पश्चिमी हवा आ रही है। इस वजह से वातावरण में नमी के साथ-साथ गर्मी के कारण उमस की स्थिति बनी हुई है। सोमवार-मंगलवार से प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा। इस दौरान एक-दो स्थानों पर लू चलने की स्थिति भी बनेगी। इससे रायपुर में भी गर्मी बढऩे की संभावना है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई। बस्तर के तोकापाल में सबसे ज्यादा 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दरभा, लोहंडीगुड़ा और जगदलपुर में 30-30, दुलदुला, नगरी, मनोरा, कुनकुरी, तपकरा में 20, कवर्धा, सूरजपुर, बकावंड में 10 मिमी पानी गिरा। इसके अलावा कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। ज्यादातर जगहों पर बादल छाए रहे। उत्तरी छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर में शनिवार को दिन में भी हल्की वर्षा रिकॉर्ड की गई।
आज से हीट वेव का यलो अलर्ट, रायपुर में भी बरस सकता है पानी
