रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रियों के विभाग तय हो गए हैं। डिप्टी सीएम अरुण साव को लोक निर्माण, विधि और नगरीय प्रशासन दिया गया है। वहीं विजय शर्मा गृह मंत्री बनाए गए हैं। इसके अलावा उन्हें तकनीकी शिक्षा और रोजगार की भी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आईएएस की नौकरी छोडक़र विधायक और मंत्री बने ओपी चौधरी अब वित्त विभाग संभालेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभागों के बंटवारे के बाद सभी मंत्रियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। सभी मंत्री अपने-अपने विभागों से अब जनता के हित के लिए कार्य करेंगे।
सूची को लेकर घंटों मचा रहा हडक़ंप
इससे पहले विभागों के बंटवारे को लेकर जब लिस्ट सामने आई तो काफी देर तक उसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं मंत्री भी इसे लेकर उलझन में थे। उनके पास लोगों के बधाई देने के लिए कॉल आ रहे थे, जबकि उन्हें भी इसके बारे में आधिकारिक तौर पर नहीं बताया गया था।
साय ने बंद लिफाफे में राजभवन भेजे थे नाम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बंद लिफाफे में मंत्रियों के विभागों की लिस्ट गवर्नर हाउस भेजी थी। राज्यपाल ने लिस्ट पर साइन कर शुक्रवार को सामान्य प्रशासन विभाग (जी.ए.डी.) को भी भिजवा दिया था। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि देर शाम या शनिवार को विभागों की लिस्ट आ सकती है।
साय केबिनेट के मंत्रियों को विभागों का बटवारा
साव के पास पीडब्ल्यूडी, शर्मा बने गृहमंत्री, ओपी वित्तमंत्री तो बृजमोहन बने शिक्षा मंत्री
