रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 04 जगतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 411001004 में राशन वितरण में कथित अनियमितता और हितग्राहियों से राशन के बदले पैसे लेने के दबाव की शिकायत को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल और मोहल्लेवासियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर मामले की तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जगतपुर मोहल्ले के करीब 70 से 80 मोहल्लेवासी और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष हितग्राही मौजूद रहे। इस दौरान करीब 80 वर्ष की बुजुर्ग महिला भी लाठी के सहारे कलेक्टोरेट पहुंचीं। कांग्रेस ने कहा कि बुजुर्ग हितग्राही अपने हिस्से का राशन प्राप्त करने की मांग को लेकर प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने पहुंची थीं। जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मोहल्लेवासियों के साथ मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि वार्ड क्रमांक 04 जगतपुर आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के साथ गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बड़ी आबादी वाला इलाका है। उनके अनुसार, ऐसे परिवारों के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला चावल परिवार के भोजन और जीवन-यापन का महत्वपूर्ण आधार है। कांग्रेस का आरोप है कि यदि राशन वितरण में लापरवाही होती है या हितग्राहियों पर राशन के बदले पैसे देने का दबाव बनाया जाता है, तो इससे गरीब हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शाखा यादव ने कहा कि यह शिकायत केवल एक राशन दुकान तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार, जिले के कई वार्डों से चावल नहीं मिलने और चावल के बदले पैसे लेने के दबाव की शिकायतें सामने आ रही हैं। कांग्रेस का दावा है कि इन शिकायतों को पहले भी प्रशासन के संज्ञान में लाया गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राशन दुकानों में समय पर खाद्यान्न का उठाव और वितरण सुनिश्चित करना प्रशासन तथा संबंधित राशन दुकान संचालकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राशन दुकान संचालकों द्वारा समय पर परिवहन के माध्यम से खाद्यान्न का उठाव नहीं किए जाने की स्थिति में इसका सबसे अधिक असर गरीब हितग्राहियों पर पड़ता है।
शाखा यादव ने प्रशासन का ध्यान राशन वितरण की समय-सीमा की ओर भी आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर हो चुका है और माह समाप्त होने में कुछ ही दिन बाकी हैं। ऐसे में यदि समय रहते राशन का उठाव और वितरण सुनिश्चित नहीं किया गया तो निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद हितग्राहियों के इस महीने के राशन से वंचित होने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गरीबों के हिस्से का चावल किसी की लापरवाही, मनमानी या व्यवस्था की उदासीनता की भेंट नहीं चढऩा चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि राशन सूची में दर्ज सभी पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में और निर्धारित समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी राशन दुकान संचालक द्वारा अनियमितता या हितग्राहियों से अनुचित राशि की मांग की गई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 411001004 की तत्काल जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही लंबित राशन का वितरण सुनिश्चित करने, राशन के उठाव में हुई देरी की जांच करने और चावल के बदले पैसे लेने के कथित दबाव से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करने की मांग रखी गई। शाखा यादव ने कहा कि राशन गरीब का अधिकार है, किसी पर एहसान नहीं। उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने की मांग की कि गरीब परिवारों को अपने अधिकार का राशन लेने के लिए दोबारा लाठी के सहारे कलेक्टोरेट तक आने की स्थिति न बने।
राशन वितरण में अनियमितताओं को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे हितग्राही, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग



