रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे पूर्णागिरि बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 10 से 12 यात्री घायल हो गए। बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए धरमजयगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्णागिरि बस धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान कोयलर क्षेत्र में सामने से धरमजयगढ़ की ओर आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। करीब 10 से 12 यात्रियों को चोटें आई हैं। वहीं बस चालक को ज्यादा गंभीर चोट लगी है। हादसे की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकालकर धरमजयगढ़ अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायलों के नाम सामने नहीं आए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि दुर्घटना गुरुवार सुबह हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे में करीब 10 से 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है। बस चालक को ज्यादा चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पूर्णागिरी बस व ट्रक में भिडंत, दर्जनभर यात्री घायल, ड्राइवर गंभीर, 40 से 50 यात्रियों से भरी थी बस



