रायगढ़। जिले के तमनार रेंज के सामारुमा इलाके में रविवार शाम हाथियों का दल सडक़ पर पहुंच गया। हाथियों के सडक़ पार करने से पहले वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इसके बाद हाथियों ने बिना किसी बाधा के सडक़ पार की और जंगल की ओर चले गए। हाथियों के सडक़ पर आने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने मोबाइल से हाथियों के सडक़ पार करने का वीडियो भी बनाया। दल में नर और मादा हाथियों के साथ शावक भी शामिल थे। पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हाथियों के सडक़ पर आने की सूचना मिलते ही अमला सक्रिय हो गया। कर्मचारियों ने सडक़ के दोनों ओर वाहनों को रुकवा दिया, ताकि हाथियों को किसी तरह की परेशानी न हो। कुछ देर बाद हाथियों का पूरा दल सुरक्षित तरीके से सडक़ पार कर जंगल की ओर चला गया। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, रविवार को रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में कुल 51 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई। इनमें 13 नर, 32 मादा और 6 शावक शामिल हैं। हाथियों के मूवमेंट वाले क्षेत्रों में वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। घरघोड़ा सब डिवीजन के स्ष्ठह्र आशुतोष मंडावा ने बताया कि, तमनार रेंज में पिछले कुछ दिनों से हाथियों का मूवमेंट बना हुआ है। रविवार को 24 हाथियों का दल सडक़ किनारे पहुंचा था। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और दोनों ओर से वाहनों को रोककर हाथियों को सुरक्षित तरीके से सडक़ पार कराया। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को भी सतर्क किया जा रहा है।



