लैलूंगा। विधानसभा क्षेत्र लैलूंगा के विकास की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। विधानसभा क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग कुंजारा-केशला-तोलगे-मिलूपारा होते हुए तमनार तक सडक़ निर्माण के लिए 74 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। स्वीकृति की खबर आते ही पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। यह मार्ग केवल एक सडक़ नहीं, बल्कि लैलूंगा के विकास, सुविधा और समृद्धि की नई राह है। इसके बनने से दर्जनों गांवों को सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे आवागमन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मंच से मंडल अध्यक्ष ने उठाई मांग और मंच से हुई थी स्वीकृति की घोषणा
इस महत्वपूर्ण सडक़ की कहानी जनभावना और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता का बेहतरीन उदाहरण है। इस मांग को सबसे पहले 4 अक्टूबर 2024 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लमडांड के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक रूप से उठाया गया था। भाजपा लैलूंगा मंडल के अध्यक्ष श्री मनोज सतपथी ने स्वागत उद्बोधन के दौरान इस जर्जर और महत्वपूर्ण मार्ग की दुर्दशा और इसकी आवश्यकता को प्रमुखता से रखा था। इतना ही नहीं, उन्होंने इस संबंध में माननीय जनप्रतिनिधियों को अपने लेटरहेड पर लिखित मांग-पत्र भी सौंपा था।
जनभावनाओं से जुड़ी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने उसी कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से इस मार्ग के निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी झगरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से इस बहुप्रतीक्षित सडक़ निर्माण की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात का भरोसा दिलाया था। वित्तीय स्वीकृति मिलने के साथ ही वह वादा धरातल पर उतरने जा रहा है। मनोज सतपथी ने इस स्वीकृति को क्षेत्र की जनता की जीत बताया। इस उपलब्धि पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज सतपथी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा यह लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता और जनभावना से जुड़ी मांग थी, जिसे 4 अक्टूबर 2024 को लमडांड के कार्यक्रम में मंच से रखते हुए लिखित मांग-पत्र भी सौंपा गया था। मंडल अध्यक्ष ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने मंच से ही इस मांग को स्वीकार करते हुए घोषणा की और बाद में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इसकी घोषणा की। आज वित्तीय स्वीकृति मिलना क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने आगे कहा, बहुत जल्द लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र को एक खूबसूरत, बेहतर और मजबूत मुख्य सडक़ की सौगात मिलेगी। यह सडक़ क्षेत्र के विकास की नई राह खोलेगी। श्री सतपथी ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया एवं राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
कुंजारा-केशला-तोलगे-मिलूपारा होते हुए तमनार तक बनेगी सडक़
74 करोड़ की स्वीकृति हेतु वित्त मंत्री ओपी का आभार जताया



