रायपुर। राजेंद्र नगर इलाके में बीज निगम के रिटायर्ड अधिकारी से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अमलीडीह, पवन विहार कॉलोनी के राजकुमार शुक्ल को एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का सीनियर मैनेजर बताया। आरोपी ने पीडि़त से कहा कि उनका क्कहृक्च रिटायर्ड कार्ड बनाया जाना है। इसके बाद बैंक की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने को कहा। आरोपी की बातों पर भरोसा कर राजकुमार ने बताए गए तरीके से एचआरएमसी ऐप डाउनलोड कर लिया। इसके बाद आरोपी ने उनसे बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और ओटीपी हासिल कर लिया। कुछ ही देर में पीडि़त के खाते से ऑनलाइन तरीके से कुल 1 लाख रुपए निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने के बाद राजकुमार शुक्ल ने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े विवरण के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बैंक खाते, कार्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी न दें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड करने से भी बचें। बैंक से जुड़ी किसी प्रक्रिया की पुष्टि हमेशा संबंधित बैंक की आधिकारिक शाखा या हेल्पलाइन से करें।



