ड्डरायपुर। महादेव घाट के पास गणेश प्रतिमाओं के इको फ्रेंडली विसर्जन के लिए बनाए जा रहे विसर्जन कुंड का काम अभी चल रहा है। सोमवार को अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने मौके पर पहुंचकर तैयारियां देखी। काम की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताई और कुंड का काम प्राथमिकता से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अपर आयुक्त ने जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा को निर्देश दिए कि गणेशोत्सव से पहले विसर्जन कुंड पूरी तरह तैयार हो जाना चाहिए। उन्होंने काम की लगातार मॉनिटरिंग करने को भी कहा।
लोकेश्वर साहू ने जोन 8 क्षेत्र के वार्ड 2, 20 और 70 में चल रहे अलग-अलग निर्माण और विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। वार्ड 2 के अटल आवास परिसर सहित अन्य जगहों पर चल रहे काम देखे। इसके बाद सरोना के वार्ड 70 और कोटा क्षेत्र के वार्ड 20 में विकास कार्यों की स्थिति देखी। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और स्वीकृति के मुताबिक काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। अपर आयुक्त ने कहा कि, कई जगह कार्यादेश जारी होने के बाद भी काम की गति धीमी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे ठेकेदारों की जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी काम तय समय में और गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए।
गणेशोत्सव को लेकर रायपुर में गणेश पंडाल लगाने की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। शहर के 10 नगर निगम जोन में अब तक 100 से ज्यादा समितियां पंडाल लगाने की अनुमति के लिए आवेदन जमा कर चुकी हैं। आने वाले दिनों में आवेदनों की संख्या और बढऩे की संभावना है। पंडाल लगाने के लिए समितियों को अलग-अलग विभागों से एनओसी लेना जरूरी होगा। आवेदन के साथ एसडीएम/ राजस्व, पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड की एनओसी जमा करनी होगी। इसके अलावा बिजली विभाग की अनुमति भी आवेदन के साथ लगानी होगी। नगर निगम आयुक्त ने सभी 10 जोन कमिश्नरों को पंडालों से जुड़े आवेदनों की प्रक्रिया के लिए अधिकृत किया है। समितियों को गणेशोत्सव शुरू होने से पहले जरूरी अनुमति और एनओसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
गणेश प्रतिमा विर्सजन की धीमी तैयारियों पर अफसर नाराज
देरी करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश, गणेशोत्सव से पहले अनुमति लेना जरूरी



