जशपुरनगर। कृष्ण जन्माष्टमी पर जशपुर शहर में इस बार गोविंदा उत्सव का आयोजन नए अंदाज में होगा। श्री बालाजी जन कल्याण समिति की ओर से शनिवार को रणजीता स्टेडियम में मटकी फोड़ प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रतियोगिता के लिए अब तक 10 गोविंदा दलों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। आयोजन के पहले साल से हिस्सा ले रही ‘कुली नंबर वन’ टीम को भी प्रतियोगिता में शामिल किए जाने की संभावना है। इस बार प्रतियोगिता को सिर्फ एक समय के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है। दोपहर 12 बजे से सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम शुरू होंगे और इनके बीच मटकी फोड़ के अलग-अलग राउंड कराए जाएंगे। आयोजकों का प्रयास है कि प्रतियोगिता शाम करीब 8 बजे तक पूरी हो जाए, ताकि रात होने से पहले प्रतिभागियों और दर्शकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके। जशपुर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता 2008 से लगातार आयोजित हो रही है। आयोजन के 20वें साल को खास बनाने के लिए इस बार पहली बार गोविंदा दल शोभायात्रा के साथ रणजीता स्टेडियम पहुंचेंगे। शोभायात्रा जिला अस्पताल के पास स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू होगी। गोविंदा दल बाला साहेब देशपांडे चौक और सिटी कोतवाली होते हुए स्टेडियम पहुंचेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई है। स्टेडियम में पुलिस बल, स्ढ्ढस् के सुरक्षा कर्मचारी और समिति के स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी भी सुरक्षा टीमों के पास होगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेगी। समिति ने गोविंदा दलों से मटकी फोडऩे के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रतिभागियों को कड़े, अंगूठी, अन्य आभूषण या धागे नहीं पहनने की सलाह दी गई है, ताकि चोट की आशंका कम हो। मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ रणजीता स्टेडियम में संगीत और भक्ति गीतों का भी कार्यक्रम होगा। आयोजन से जुड़े संजय अग्रवाल और संतोष स्वर्णकार ने बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों से कलाकारों को बुलाया गया है। झारखंड की नागपुरी गायिका सरस्वती बुनकर और अनिल मुंडा, दुर्ग के डीजे रायडर, मध्यप्रदेश के अनूपपुर की गायिका अंजली गुप्ता और जशपुर के कोतबा के गायक संदीप शर्मा प्रस्तुति देंगे। मटकी फोड़ के राउंड के बीच कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। आयोजकों के मुताबिक, इस बार उत्सव को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक बनाने की तैयारी है। शोभायात्रा, मटकी फोड़ प्रतियोगिता और संगीत कार्यक्रम आयोजन के मुख्य आकर्षण रहेंगे।



