नारायणपुर। ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने की दिशा में अघोर परिषद ट्रस्ट नारायणपुर एवं बाबा भगवान राम ट्रस्ट सोगड़ा, जशपुर की ओर से एक सराहनीय पहल की जा रही है। आगामी 6 सितंबर 2026, रविवार को नारायणपुर आश्रम में नि:शुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में आसपास के गांवों से आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श की सुविधा बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजकों के अनुसार शिविर में एलोपैथिक चिकित्सा के साथ होम्योपैथी एवं आयुर्वेद चिकित्सा के चिकित्सक भी अपनी सेवाएं देंगे। यानी अलग-अलग प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर पहुंचने वाले लोगों को विशेषज्ञों से सीधे सलाह लेने का अवसर मिलेगा। मरीजों की जांच के बाद जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जाएगा।
खास बात यह है कि इस शिविर में केवल जांच और परामर्श तक ही व्यवस्था सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह शिविर काफी उपयोगी साबित हो सकता है। ग्रामीण अंचलों में कई बार स्वास्थ्य संबंधी छोटी-बड़ी परेशानियों के लिए लोगों को दूर शहरों और अस्पतालों तक जाना पड़ता है। ऐसे में आश्रम परिसर में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा उपलब्ध होने से आसपास के ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे समय और आने-जाने के खर्च की बचत के साथ लोगों को अपनी स्वास्थ्य समस्या को लेकर उचित चिकित्सकीय सलाह भी मिल सकेगी।
अघोर परिषद ट्रस्ट नारायणपुर और बाबा भगवान राम ट्रस्ट सोगड़ा द्वारा समय-समय पर इस तरह की जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं। पूर्व में भी नारायणपुर क्षेत्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर चिकित्सा सुविधा का लाभ ले चुके है। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि जिन लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी है या जिन्हें चिकित्सकीय जांच और परामर्श की आवश्यकता है, वे निर्धारित तिथि और समय पर नारायणपुर आश्रम पहुंचकर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं।
नारायणपुर आश्रम में 6 सितंबर को नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर
अघोर परिषद ट्रस्ट और बाबा भगवान राम ट्रस्ट की जनसेवा पहल, शिविर में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक एवं दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेगी



