सारंगढ़। जिला मुख्यालय के बस स्टैंड में सवारी बिठाने और रोकने के मामूली विवाद को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हुआ। घटना रविवार सुबह करीब 6:20 बजे की है, जब वासुदेव बस के यात्रियों को बिठाने की बात पर नपा पार्षद व जिला युवक कां. अध्यक्ष शुभम बाजपेयी व साई कृपा बस के संचालक शीतल यादव (उर्फ रामू) के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग लाठी, रॉड, बेल्ट व चाकू लेकर आमने – सामने आ गए। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि – बस में यात्री चढ़ाते समय शीतल यादव, योगेश्वर यादव और उनके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए रॉड व चाकू से प्राणघातक हमला किया। हमले में सत्यम और प्रखर बाजपेयी को चोटें आई हैं।
दूसरे पक्ष के शीतल यादव का कहना है कि सवारी बिठाने के विवाद पर शुभम बाजपेयी, सत्यम, प्रखर बाजपेयी ने अपने साथियों के साथ चाकू, लात – घूंसों से उन पर हमला कर दिया, जिससे योगेश्वर यादव की अंगुली में गहरा जख्म हुआ और अन्य को गंभीर चोटें आयी। घटना की सूचना मिलते ही सारंगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस कप्तान (एसपी) सुनील शर्मा के सख्त रुख के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर बीएनएस की धारा 296,109 (1), 351(3), 115 (2), और 3 (5) के तहत केस दर्ज किया है। ?पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों पक्षों से शुभम बाजपेयी, प्रखर बाजपेयी, सत्यम बाजपेयी, शीतल यादव (उर्फ रामू), योगेश्वर यादव और नीलेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की सख्त कार्रवाई से शहर के असामाजिक तत्वों में हडक़ंप मच गया है।
सारंगढ़ बस स्टैंड में सवारी बिठाने को लेकर गैंगवार



