बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा टिकटधारी यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने, यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से निरंतर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 20 अगस्त 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मंडल के बिलासपुर स्टेशन एवं चांपा-बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन में सघन नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई स्टाफ शामिल थे।
इस अभियान के दौरान बिलासपुर स्टेशन एवं यहाँ से गुजरने वाली 26 ट्रेनों की सघन जांच कर कुल 385 मामलों से कुल 3,17,410 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिसमें बिना टिकट यात्रा के 285 मामलों से 02 लाख 59 हजार 800 रुपये, अनियमित टिकट के 77 मामलों से 55 हजार 105 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 23 मामलों से 02 हजार 505 रुपये का जुर्माना शामिल है।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व उचित यात्रा टिकट अवश्य लें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश हेतु प्लेटफॉर्म टिकट खरीदें। साथ ही रेलगाड़ी एवं रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा गंदगी फैलाने एवं धूम्रपान जैसी गतिविधियों से बचें। रेलवे राष्ट्र की महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति है, इसकी सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बिना टिकट यात्रा के विरुद्ध चला नाका टिकट चेकिंग अभियान
385 मामलों में 3.17 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया



