खरसिया। कैलाश शर्मा। नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया गया।
भाजपा कार्यालय एवं नगर पालिका परिषद नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय खरसिया तथा नगर पालिका परिषद खरसिया परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई तथा भारत माता के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। विभिन्न शैक्षणिक संस्थान पीएम श्री आत्मानंद इंग्लिश स्कूल, वंदे मातरम स्कूल, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल एवं शासकीय माध्यमिक शाला खरसिया सहित विभिन्न विद्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शासकीय एवं प्रशासनिक कार्यालय न्यायालय परिसर, एसडीएम कार्यालय, एनडीओपी कार्यालय, जनपद पंचायत परिसर, पुलिस थाना तथा पुलिस चौकी सहित समस्त शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।
शहीदों का बलिदान सदैव वंदनीय : कमल गर्ग
ध्वजारोहण समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा आज स्वतंत्रता दिवस का यह पावन अवसर हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है। विभिन्न शैक्षणिक व प्रशासनिक संस्थाओं में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर राष्ट्रध्वज को सलामी देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों तथा स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति हम कोटि-कोटि नमन करते हैं। कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यार्थी एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



