रायगढ़। जिले में लंबे समय से सक्रिय डीजल चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तमनार थाना क्षेत्र में ट्रेलर से 100 लीटर डीजल चोरी की घटना की जांच के दौरान पुलिस ने चोरी का डीजल खरीदने वाले समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह के तीन अन्य सदस्य अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने पुलिस को बताया कि, उनका ट्रेलर जेपीएल प्लांट के गेट नंबर-2, सलिहाभांठा के पास खड़ा था। रात में टैंक में करीब 100 लीटर डीजल था, लेकिन सुबह डीजल टैंक का ढक्कन टूटा मिला और पूरा डीजल गायब था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान (37) के पास चोरी का डीजल रखा है। पुलिस ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता, कमलेश कुमार उरांव (23) और कमल सिदार के साथ मिलकर ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी का डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल (42) को मात्र 4 हजार रुपए में बेच दिया था। बिक्री से मिली रकम सभी आरोपियों ने आपस में बांटकर खर्च कर दी।
बोलेरो, डीजल और चोरी के औजार जब्त
किशोर की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल और पेचकस जब्त किया। इसके बाद कमलेश कुमार उरांव को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने भी वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी गिरफ्तार किया। उसने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर चोरी का डीजल खरीदा था। इसके बाद उसके खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
ऐसे करते थे वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य देर रात बोलेरो वाहन में लोहे का सब्बल, प्लास्टिक ड्रम, पाइप और अन्य औजार लेकर निकलते थे। सुनसान जगहों पर खड़े ट्रकों और ट्रेलरों के डीजल टैंक का ढक्कन तोडक़र डीजल निकाल लेते थे। यदि चालक जाग जाता तो उसे धमकाकर मौके से भगा देते थे। मामले में फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता और कमल सिदार अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
ट्रकों और भारी वाहनों को निशाना बनाने वाले संगठित डीजल चोर गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शशि मोहन सिंह, एसएसपी



