धरमजयगढ़। बस स्टैंड क्षेत्र में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा कई दुकानों के ताले तोडऩे का कथित प्रयास किए जाने की घटना सामने आई है। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में हुई इस घटना से व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने एक ही रात में कई दुकानों के ताले तोडऩे का प्रयास किया। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपियों को न तो पुलिस का डर है और न ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की परवाह। व्यापारियों का कहना है कि बदमाशों को कैमरों की जानकारी भी थी, इसके बावजूद उन्होंने वारदात का प्रयास किया। वहीं पीडि़त दुकानदारों ने मामले की शिकायत पुलिस से कर दी है। जिन दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनके फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जा सके। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं। उनका मानना है कि फिलहाल चोरी का प्रयास हुआ है, लेकिन यदि ऐसे अपराधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में बड़ी चोरी की घटनाएं भी हो सकती हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि वह आरोपियों की पहचान कर उन्हें कब तक गिरफ्तार करती है।
बस स्टैंड में कई दुकानों के ताले तोडऩे का प्रयास



