रायपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर में कारोबारी के घर से 70 लाख रुपए की चोरी के मामले का पुलिस ने 6 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घरेलू रसोइए और उसके साथी को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने घर से कैश, सोने-चांदी के जेवर, गिन्नी, सिक्के और अन्य कीमती सामान चोरी कर ट्रेन से फरार होने की कोशिश में थे। पुलिस ने चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, अशोका आइकन मोवा निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई कि, 26 जुलाई को वे परिवार के साथ नया रायपुर गए थे। घर पर केवल उनका घरेलू रसोइया महेंद्र कुमार यादव मौजूद था, जिसे 14 जुलाई से काम पर रखा गया था। शाम करीब 7 बजे लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट खुला था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और लॉकर टूटे हुए थे। कैश, सोने-चांदी के जेवर, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और जरूरी दस्तावेज गायब थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महेंद्र यादव एक बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया। उसके साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। तकनीकी जांच और सीसीटीवी विश्लेषण में पता चला कि, दोनों आरोपी शहर से होते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर की ओर रवाना हो गए। पुलिस ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल से समन्वय स्थापित किया। आरपीएफ नागपुर की मदद से दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में महेंद्र यादव ने बताया कि, उसने अपने साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव के साथ पहले से योजना बनाकर चोरी की थी। परिवार के बाहर जाने की जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने घर से कैश और जेवर चोरी किए। इसके बाद मोटरसाइकिल से घड़ी चौक पहुंचे, वहां बाइक खड़ी कर किराये के वाहन से रेलवे स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से नागपुर भाग निकले।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.50 लाख रुपए कैश, सोने के जेवर, गिन्नी, सिक्के, चांदी का सिक्का, पेन ड्राइव, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान सहित करीब 70 लाख रुपए का पूरा मशरूका बरामद कर लिया। वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी महेंद्र यादव (22) और पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव (25) मूल रूप से बिहार के बांका जिले के रहने वाले हैं। महेंद्र रायपुर में पीडि़त के घर रसोइए का काम करता था, जबकि पिंटू आमासिवनी क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पंडरी थाना में अपराध क्रमांक 212/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कारोबारी के घर से 70 लाख की चोरी, कैश-जेवर समेत पूरा माल बरामद, 2 गिरफ्तार



