बिलासपुर। श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, बिलासपुर जिला के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं यूनिट लीडर्स ने अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं सेवा-भाव के साथ स्वैच्छिक सेवा प्रदान कर अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान स्काउट्स गाइड्स ने भीड़ प्रबंधन, रथ यात्रा की व्यवस्था बनाए रखने, पेयजल वितरण तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनके अनुशासित व्यवहार, सेवा-भाव एवं कार्यकुशलता की श्रद्धालुओं, आयोजन समिति, स्थानीय प्रशासन एवं आमजन द्वारा मुक्तकंठ से सराहना की गई। इस सेवा कार्य ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के आदर्श ‘सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व’ को साकार रूप में प्रस्तुत किया। यह सेवा कार्य श्री अनुराग कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर एवं जिला आयुक्त (स्काउट), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, बिलासपुर तथा श्रीमती नेहा सिंह, जिला आयुक्त (गाइड) के मार्गदर्शन एवं दिलीप कुमार स्वाईन, राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) के नेतृत्व में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, बिलासपुर जिला ने इस अवसर पर पुन: यह सिद्ध किया कि ‘मानव सेवा ही सर्वोच्च सेवा है’ तथा समाज सेवा के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता सदैव सर्वोपरि रहेगी।
बिलासपुर जगन्नाथ रथ यात्रा में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा अनुकरणीय स्वैच्छिक सेवा



