खरसिया। छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय का खरसिया आगमन हुआ। श्री राधाकृष्ण मंदिर धर्मादा ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष राठौर, डोरीलाल राठौर, सुधीर महंत के विशेष आमंत्रण पर पहुंचीं श्रीमती साय ने नवनिर्मित श्री राधाकृष्ण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह, वेदीपूजन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। खरसिया आगमन पर श्रीमती कौशल्या देवी साय का गाजे-बाजे और भव्य आतिशबाजी के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने होटल रिया पैलेस में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
उपस्थित धर्मप्रेमी जनता, गणमान्य नागरिकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्रीमती कौशल्या देवी साय ने कहा खरसिया नगर के इस विशाल और भव्य मंदिर में आकर मैं स्वयं को सौभाग्यशाली और अनुग्रहित महसूस कर रही हूँ। आप सभी धर्मप्रेमी जनता और श्री राधाकृष्ण मंदिर धर्मादा ट्रस्ट के सौजन्य से इस दिव्य मंदिर का निर्माण संपन्न हुआ है। मेरी भगवान श्री राधाकृष्ण से यही प्रार्थना है कि उनकी कृपा आप सभी पर हमेशा बनी रहे और यह क्षेत्र निरंतर प्रगति, उन्नति तथा खुशहाली के पथ पर अग्रसर रहे।
इस गौरवमयी अवसर पर क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, गणमान्य नागरिकों, भारी संख्या में महिलाओं, युवाओं सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन पूरे क्षेत्र में अध्यात्म और हर्षोल्लास का केंद्र बना रहा।
श्री राधाकृष्ण मंदिर के धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित हुई श्रीमती कौशल्या देव साय
मंदिर में दर्शन पूजन कर होटल रिया प्लेस में विशाल जनसभा को किया संबोधित



