सारंगढ़। स्थानीय नगर में रथ यात्रा धूमधाम से निकाली गई, जिसमें राज घराने का रथ, बड़े मठ मंदिर का रथ,छोटे मठ गोपाल जी मंदिर का रथ, केसरवानी जी व गुप्ता जी का रथ के साथ ही साथ नगर के अन्य सामाजिक संगठनों के द्वारा और निजी संस्थाओं के द्वारा रथ निकाला गया। ऐतिहासिक एवं प्राचीन बड़े मठ मंदिर की लगभग 100 वर्षों से चली आ रही भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की रथयात्रा इस वर्ष एक ऐतिहासिक संयोग की साक्षी बनी। नगर के सभी रथों में विशेष महत्व रखने वाली इस रथयात्रा में परंपरानुसार भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु अपने बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ भव्य रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। झमाझम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह चरम पर रहा।
इस वर्ष रथयात्रा का सबसे विशेष आकर्षण यह रहा कि- नगर के चार महत्वपूर्ण संगठनों के अध्यक्षों ने एक साथ भगवान के रथ के समक्ष पारंपरिक छेरा पहरा की पवित्र रस्म निभाई। इस ऐतिहासिक अवसर परगोपाल जी धर्मादा ट्रस्ट, बड़े मठ के अध्यक्ष सूरज तिवारी, जिपं अध्यक्ष संजय पाण्डेय, भगवान परशुराम सेवा समिति अध्यक्ष राकेश शुक्ला तथा जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय कुमार तिवारी ने विधिवत छेरा पहरा कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। रथ यात्रा नगर के मुख्य मार्गो से होते हुए वापस उसी स्थान पर पहुंची जहां से यह प्रारंभ हुई थी।इस दौरान शांति और सौहार्द वातावरण बनाने में जिला पुलिस की भूमिका विशेष सराहनीय रही। रथयात्रा में नपा के पूर्व उपाध्यक्ष अमित तिवारी, अतुल्य यादव, गोपेश द्विवेदी, मनोज मिश्रा, दिनेश थवाईत, एलपी. देवांगन, गोपाल जी मंदिर छोटे मठ के रथ में पीपरडुला आश्रम के महंत सीताराम जी उपस्थित रहे। सभी रथों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। झमाझम वर्षा में भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। जय जगन्नाथ के जय घोष और भक्ति गीतों के बीच भव्य रथ यात्रा निकली।
नगर में निकली धुमधाम से रथ यात्रा
संयोग चार प्रमुख संगठनों के अध्यक्षों ने निभाई छेरा पहरा की रस्म



