रायगढ़। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश देकर अवैध कबाड़ से लोड एक पिकअप वाहन को जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
22 जून की शाम पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पूंजीपथरा एवं आसपास के क्षेत्रों में एक व्यक्ति अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री कर रहा है। सूचना पर तत्काल थाना साइबर और थाना पूंजीपथरा पुलिस टीम ने ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश दी, जहां पिकअप वाहन में कबाड़ खरीदते हुए एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम बलवंत सारथी, पिता सुंदरलाल सारथी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम हाटी, थाना छाल, जिला रायगढ़ बताया।
वाहन में लोड कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर आरोपी कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान वाहन में लगभग 2.85 टन कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत 85,500 संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में उक्त कबाड़ तथा लगभग 6 लाख मूल्य के पिकअप वाहन सहित कुल 6,85,500 मूल्य की संपत्ति विधिवत जब्त कर पुलिस कब्जे में ली।
मामले को लेकर थाना पूंजीपथरा में आरोपी बलवंत सारथी पिता सुंदर लाल सारथी 40 वर्ष निवासी ग्राम हाटी थाना छाल के विरुद्ध धारा 35(क), 35(ड) एवं धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
संपत्ति संबंधी अपराधों में अंकुश लगाने की दिशा में रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति के क्रय-विक्रय तथा संगठित अपराधों के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।
3 टन कबाड़ से भरी पिकअप पकड़ाई, 6.85 लाख की संपत्ति जब्त



