रायगढ़। युवक ने नाबालिग लडक़ी को डरा-धमका कर रेप किया है। आरोपी ने नाबालिग को नदी किनारे बुलाया और वारदात को अंजाम दिया। पीडि़ता के रिश्तेदारों के शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, 21 जून को 14 साल की नाबालिग के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 20 जून की रात वह अपनी पत्नी के साथ एक शादी में गए थे। देर रात जब वे घर लौटे, उनकी बेटी घर पर नहीं थी। घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह अभिषेक टंडन (21) के घर पर मिली। घरवाले उसे वापस लेकर आए। पूछताछ करने पर नाबालिग ने बताया कि 20 जून की शाम अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर उसे नदी किनारे बुलाया था। वहां उसने डरा-धमकाकर जबरदस्ती की। इसके बाद वह लडक़ी को अपने घर ले गया, वहां रात में भी जबरदस्ती की। नाबालिग ने बताया कि साल 2024 में भी अभिषेक ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। घरवालों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। महिला पुलिस अधिकारी ने लडक़ी का बयान दर्ज किया, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी जांच कराई गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने अभिषेक टंडन के घर पर छापा मारकर उसे पकड़ लिया। आरोपी ने अपना जुर्म मान लिया। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया, गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा से जुड़े अपराधों पर रायगढ़ पुलिस सख्त है। ऐसे मामलों में हर शिकायत पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
नाबालिग से रेप, आरोपी गिरफ्तार, नदी किनारे बुलाकर डरा-धमकाकर वारदात



