जशपुरनगर। छत्तीसगढ़-झारखंड अंतरराज्यीय सीमा पर खनिज विभाग ने अवैध रेत भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 700 ट्रैक्टर रेत जब्त की है। यह कार्रवाई लोदाम थाना क्षेत्र के पुत्रीचौरा और पोड़ी गांवों में की गई। विभाग ने मामले में दो लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक खनिज अधिकारी विवेक साहू ने बताया कि पुत्रीचौरा क्षेत्र में शंख नदी से अवैध उत्खनन कर रेत भंडारित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर खनिज निरीक्षक के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान गोठान एवं आसपास की भूमि पर करीब 500 ट्रैक्टर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी रेत जब्त कर ली। कार्रवाई के दौरान समीपस्थ पोड़ी गांव में भी लगभग 200 ट्रैक्टर रेत का अवैध भंडारण मिला। विभाग ने इस रेत को भी जब्त कर पंचायत की सुपुर्दगी में दे दिया है। मामले में कमलेश सिंह और राजा सिंह के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खनिज विभाग के अनुसार सितंबर 2025 से जून 2026 तक जिले में अवैध रेत भंडारण के 9 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें से 4 मामलों में 4 लाख 16 हजार 200 रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है, जबकि पुत्रीचौरा और पोड़ी समेत 3 प्रकरणों में कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अवैध रेत उत्खनन के 11 मामलों में अब तक 1 लाख 17 हजार 52 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सहायक खनिज अधिकारी विवेक साहू ने कहा कि कहा, पुत्रीचौरा में रेत के अवैध भंडारण की प्रकाशित समाचार को संज्ञान में लेते हुए 500 ट्रैक्टर रेत जब्त किया गया है। रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर 700 ट्रैक्टर रेत जब्त
दो लोगों पर खनिज अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई



