जांजगीर-चांपा। जिले की अकलतरा पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन से विदेशी नंबरों से संपर्क, व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉलिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।गिरफ्तार युवक की पहचान सेवक सिंह (23) पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत धारा 152 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में बाहरी राज्यों के कई लोग किराए पर रह रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया, जहां सेवक सिंह की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पूछताछ के दौरान आरोपी के जवाबों में विरोधाभास पाए जाने पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की। पुलिस का दावा है कि मोबाइल में पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिले हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के माध्यम से विदेशी नागरिकों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार संपर्क होने के संकेत भी प्राप्त हुए हैं।
देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां प्रथम दृष्टया देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं केंद्रीय और राज्य स्तर की सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं।
प्रदेश की महत्वपूर्ण जानकारी साझा करता था आरोपी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थलों, लोकेशन, वाहनों के नंबर तथा फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा करता था। हालांकि, इन जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि और तकनीकी सत्यापन अभी जारी है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से प्राप्त व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सामग्री को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जांच एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क और संपर्क सूत्रों की पड़ताल कर रही हैं।
पाकिस्तान से ड्रोन से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना
पुलिस द्वारा जांच के दौरान यह भी आशंका व्यक्त की गई है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी। पुलिस के अनुसार हथियार मिलने के बाद उसे कथित रूप से टारगेट किलिंग अथवा अन्य गंभीर वारदातों को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी जा सकती थी। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।



