रायपुर। साइबर ठगों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को आरटीओ का ई-चालान भेजकर ठगी है। एपीके फाइल पर क्लिक करते ही बैंक खाते से 2.63 लाख रुपए से अधिक कट गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला आजाद चौक थाना इलाके का है। पुलिस के अनुसार, प्रेम नगर मोवा निवासी आशीष वर्मा (35) हिंदूजा फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी हैं। उनका कार्यालय आजाद चौक इलाके में है। 6 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। जिसमें आरटीओ का ई-चालान होने का दावा किया गया। उसके साथ एक एपीके फाइल भेजी गई थी। आशीष वर्मा ने इसे वास्तविक ई-चालान समझकर फाइल को डाउनलोड कर ओपन कर लिया। इसके कुछ ही समय बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते तक पहुंच बना ली। देखते ही देखते उनके एक्सिस बैंक खाते से कुल 2 लाख 63 हजार 673 रुपए ट्रांसफर कर लिए गए।
घटना की जानकारी पीडि़त को बाद में हुई। बैंक खाते की जांच करने पर रकम गायब होने का पता चला। इसके बाद आशीष वर्मा ने आजाद चौक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए साइबर सेल की सहायता ली है। अधिकारियों का कहना है कि ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध संदेश को बिना सत्यापन के डाउनलोड या ओपन न करें।
आरटीओ ई-चालान में ए.पी.के. फाइल भेजकर ठगे 2.63 लाख
फाइनेंस कर्मचारी हुआ साइबर ठगी का शिकार



